विश्व एड्स दिवस 2009

विश्व एड्स दिवस एक दिसम्बर के अवसर पर छत्तीसगढ़ में एड्स के प्रति जन-जागरूकता लाने के लिए राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विश्व एड्स दिवस की पूर्व संध्या में 30 नवम्बर को शाम पांच बजे राजधानी रायपुर के गौरव पथ पर रेड रिबिन क्लब के सदस्यों और महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा मोमबत्ती जलाकर एड्स की भयावता के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संचालक और विशेष सचिव स्वास्थ्य और परिवार कल्याण श्री अजय पाण्डेय और रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एक दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एक विशाल रैली निकाली जाएगी, जिसमें रेडरिबिन क्लब के सदस्यों के अलावा महाविद्यालयीन छात्र उपस्थित रहेंगे। यह रैली पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से शुरू होकर राजकुमार कॉलेज में समाप्त होगी। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के.पाण्डेय और छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संचालक श्री अजय पाण्डेय रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अलावा जिला स्तर पर भी विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एक दिसम्बर को महाविद्यालयों में रैली, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा इस कार्यक्रम के लिए सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दस-दस हजार रूपए की राशि आबंटित की गई है।


चिट्ठाजगत