ब्रिटेन ने भारत के जगुआर विमानों को उन्नत बनाने का तकनीक प्रस्ताव किया
एजेटी हॉक तकनीक संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा हुई
ब्रिटेन के रक्षा उपकरण मंत्री श्री क्यून्टेन डेविस के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री श्री पल्लम राजू से मुलाकात की। श्री डेविस ने बताया कि ब्रिटेन जगुआर लडाकू विमानों को उन्नत बनाने तथा हिन्दुस्तान एरोनोटिक्स लिमिटेड (एचएएल) में एजेटी हॉक प्रशिक्षण विमान उत्पादन लाइसेन्स के संबंध में आ रही तकनीक समस्याओं को निपटाने के प्रति इच्छुक है।
दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच चल रहे रक्षा सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। श्री पल्लम राजू ने बताया कि भारतीय सेना के तीन अंग प्रतिवर्ष बारी-बारी से दोनों देशों की भूमि पर तथा जल में संयुक्त सैनिक अभ्यास करती हैं।
श्री डेविस ने कहा कि अफगानिस्तान तथा इराक में ब्रिटिश सैनिकों की तैनाती के बावजूद ब्रिटेन भारत के साथ संयुक्त सैनिक अभ्यास करता है जबकि अन्य देशों के साथ वह ऐसा करने में असमर्थ है।
श्री पल्लम राजू ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि भारत ब्रिटेन के साथ सामान्य सुरक्षा समझौते (जीएसए) पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार है और मेज़बान देश सहायता (एचएनएस) पर सहमति पत्र अंतर-मंत्रालयीय समिति के विचाराधीन है।