इफ्फी के निदेशक ने समारोह की गति और उत्साह पर संतोष जताया
भारत के 40वें अन्तर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव के निदेशक श्री एस.एम. खान ने आज यहां मध्यावधि संवाददाता सम्मेलन में इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि समारोह की गति और उत्साह बना हुआ है।
समारोह में अनेक जानी-मानी फिल्मी हस्तियां शामिल हुई हैं और लगभग साढे छ: हजार प्रतिनिधि भी यहां आये हुए हैं। श्री खान के साथ ही गोवा मनोरंज संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मनोज श्रीवास्तव ने भी संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उनके विचार जाने और उन्हें समारोह की प्रगति के बारे में बताया।
श्री खान ने स्पष्ट किया कि फिल्म प्रदर्शन के बाद होने वाले प्रश्नोत्तर सत्र अब भी न केवल जारी हैं, बल्कि और ज्यादा संख्या में आयोजित किए जा रहे हैं। लेकिन इस बारे में फैसला वहीं के वहीं लिया जाता है, जिसमें निर्देशकों और दर्शकों दोनों की सुविधा का ध्यान रखा जाता है। श्री खान और श्री मनोज श्रीवास्तव ने संवाददाताओं के सुझाव सुने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
श्री मनोज श्रीवास्तव ने सूचित किया कि सिनेमा के टी-20 का परिणाम कला अकादमी में 30 नवम्बर को घोषित किया जाएगा। उसी दिन फिल्म फैशन शो का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें रिया सेन और आफताब शिवदसानी सहित सिनेमा जगत की अनेक हस्तियां शामिल होंगी।